Phone

9140565719

Email

mindfulyogawithmeenu@gmail.com

Opening Hours

Mon - Fri: 7AM - 7PM

: हस्त – मुद्रा – चिकित्सा
〰️〰️🔸〰️🔸〰️〰️
मानव-शरीर अनन्त रहस्योंसे भरा हुआ है ।
शरीरकी अपनी एक मुद्रामयी भाषा है ।
जिसे करनेसे शारीरिक स्वास्थ्य-लाभ में सहयोग होता है ।
यह शरीर पंचतत्त्वोंके योगसे बना है ।

पाँच तत्त्व ये हैं
〰️〰️〰️〰️
(1) पृथ्वी,(2) जल,(3) अग्नि,(4) वायु,एवं
(5) आकाश।

हस्त-मुद्रा-चिकित्साके अनुसार हाथ तथा हाथोंकी अँगुलियों और अँगुलियोंसे बननेवाली मुद्राओंमें आरोग्यका राज छिपा हुआ है ।
हाथकी अँगुलियोंमें पंचतत्त्व प्रतिष्ठित हैं ।

ऋषि-मुनियोंने हजारों साल पहले इसकी खोज कर ली थी एवं इसे उपयोगमें बराबर प्रतिदिन लाते रहे, इसीलिये वे लोग स्वस्थ रहते थे ।

ये शरीरमें चैतन्यको अभिव्यक्ति देनेवाली कुंजियाँ हैं ।

अँगुली में पंच तत्व
〰️〰️〰️〰️〰️〰️
हाथों की 10 अँगुलियों से विशेष प्रकार की आकृतियाँ बनाना ही हस्त मुद्रा कही गई है।

हाथों की सारी अँगुलियों में पाँचों तत्व मौजूद होते
हैं जैसे अँगूठे में अग्नि तत्व,तर्जनी अँगुली में वायु तत्व,मध्यमा अँगुली में आकाश तत्व,अनामिका अँगुली में पृथ्वी तत्व और कनिष्का अँगुली में
जल तत्व।

अँगुलियों के पाँचों वर्ग से अलग-अलग विद्युत धारा प्रवाहित होती है।
इसलिए मुद्रा विज्ञान में जब अँगुलियों का रोगानुसार आपसी स्पर्श करते हैं,तब रुकी हुई या असंतुलित विद्युत बहकर शरीर की शक्ति को पुन: जगा देती है और हमारा शरीर निरोग होने लगता है। ये अद्भुत मुद्राएँ करते ही यह अपना असर दिखाना शुरू कर देती हैं।

किसी भी मुद्राको करते समय जिन अँगुलियोंका कोई काम न हो उन्हें सीधी रखे।

वैसे तो मुद्राएँ बहुत हैं पर कुछ मुख्य मुद्राओंका वर्णन यहाँ किया जा रहा है, जैसे-

(1) ज्ञान-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- अँगूठेको तर्जनी अँगुलीके सिरेपर लगा दे।

शेष तीनों अँगुलियाँ चित्रके अनुसार सीधी रहेंगी।

लाभ:- स्मरण-शक्तिका विकास होता है और ज्ञानकी वृद्धि होती है,पढ़नेमें मन लगता है तथा अनिद्राका नाश,स्वभावमें परिवर्तन,अध्यात्म-शक्तिका विकास और क्रोधका नाश होता है ।

सावधानी:- खान-पान सात्त्विक रखना चाहिये,पान-पराग, सुपारी,जर्दा इत्यादि का सेवन न करे। अति उष्ण और अति शीतल पेय पदार्थोंका सेवन न करे।

(2) वायु-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️
विधि:- तर्जनी अँगुलीको मोड़कर अँगूठेके मूलमें लगाकर हलका दबाये।शेष अँगुलियाँ सीधी रखे।

लाभ:- वायु शान्त होती है। लकवा, साइटिका, गठिया,संधिवात,घुटनेके दर्द ठीक होते हैं।
गर्दनके दर्द,रीढ़के दर्द आदि विभिन्न रोगोंमें फायदा होता है।

विशेष- इस मुद्रासे लाभ न होनेपर प्राण-मुद्रा
(संख्या 10)-के अनुसार प्रयोग करे।

सावधानी:- लाभ हो जानेतक ही करे इस मुद्रा को।

(3) आकाश-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- मध्यमा अँगुलीको अँगूठेके अग्र भाग से मिलाये। शेष तीनों अँगुलियाँ सीधी रहें।

लाभ:‌- कानके सब प्रकारके रोग जैसे बहरापन आदि,हड्डियोंकी कमजोरी तथा हृदय-रोग ठीक
होता है।

सावधानी:- भोजन करते समय एवं चलते-फिरते
यह मुद्रा न करे। हाथोंको सीधा रखे। लाभ हो जानेतक ही करे।

(4) शून्य-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️
विधि:- मध्यमा अँगुलीको मोड़कर अँगुष्ठके मूलमें लगाये एवं अँगूठेसे दबाये।

लाभ:- कानके सब प्रकारके रोग जैसे बहरापन आदि दूर होकर शब्द साफ सुनायी देता है,
मसूढ़े की पकड़ मजबूत होती है तथा गलेके रोग एवं थायरायड रोगमें फायदा होता है।

(5) पृथ्वी-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- अनामिका अँगुलीको अँगूठेसे लगाकर रखे।

लाभ:- शरीरमें स्फूर्ति,कान्ति एवं तेजस्विता
आती है।

दुर्बल व्यक्ति मोटा बन सकता है,वजन बढ़ता है, जीवनी शक्तिका विकास होता है। यह मुद्रा पाचन-क्रिया ठीक करती है,सात्त्विक गुणोंका विकास करती है,दिमागमें शान्ति लाती है तथा विटामिनकी कमीको दूर करती है।

(6) सूर्य‌‌-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️
विधि:- अनामिका अँगुलीको अँगूठेके मूलपर लगाकर अँगूठेसे दबाये।

लाभ:- शरीर संतुलित होता है,वजन घटता है, मोटापा कम होता है।
शरीरमें उष्णताकी वृद्धि,तनावमें कमी,शक्तिका विकास, खूनका कोलस्ट्रॉल कम होता है। यह मुद्रा मधुमेह, यकृत्‌ (जिगर)- के दोषोंको दूर करती है।

सावधानी:- दुर्बल व्यक्ति इसे न करे। गर्मी में ज्यादा समय तक न कर।

(7) वरुण-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- कनिष्ठा अँगुलीको अँगूठेसे लगाकर मिलाये।

लाभ:- यह मुद्रा शरीरमें रूखापन नष्ट करके चिकनाई बढ़ाती है,चमड़ी चमकीली तथा मुलायम बनाती है। चर्म-रोग,रक्त-विकार एवं जल-तत्त्वकी कमी से उत्पन्न व्याधियोंको दूर करती है। मुँहासों को नष्ट करती और चेहरेको सुन्दर बनाती है।

सावधानी‌:- कफ-प्रकृतिवाले इस मुद्राका प्रयोग अधिक न करें।

(8) अपान-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- मध्यमा तथा अनामिका अँगुलियोंको अँगूठेके अग्रभागसे लगा दें।

लाभ:- शरीर और नाड़ी की शुद्धि तथा कब्ज दूर
होता है। मल-दोष नष्ट होते हैं, बवासीर ठीक होता है। वायु-विकार,मधुमेह,मूत्रावरोध,गुर्दोंके दोष,दाँतोंके दोष दूर होते हैं। पेटके लिये उपयोगी है,हृदय-रोगमें फायदा होता है तथा यह पसीना लाती है।

सावधानी:- इस मुद्रासे मूत्र अधिक होगा।

(9) अपान वायु या हृदय-रोग-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- तर्जनी अँगुलीको अँगूठेके मूलमें लगाये तथा मध्यमा और अनामिका अँगुलियोंको अँगूठे के अग्र भागसे लगा दे।

लाभ:- जिनका दिल कमजोर है,उन्हें इसे प्रतिदिन करना चाहिये। दिल का दौरा पड़ते ही यह मुद्रा करानेपर आराम होता है। पेट में गैस होनेपर यह उसे निकाल देती है। सिर-दर्द होने तथा दमेकी शिकायत होनेपर लाभ होता है।
सीढ़ी चढ़नेसे पाँच-दस मिनट पहले यह मुद्रा करके चढ़े। इससे उच्च रक्तचाप में फायदा होता है।

सावधानी:- हृदयका दौरा आते ही इस मुद्राका आकस्मिक तौरपर उपयोग करे।

(10) प्राण-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- कनिष्ठा तथा अनामिका अँगुलियोंके अग्रभागको अँगूठेके अग्रभागसे मिलायें।

लाभ:- यह मुद्रा शारीरिक दुर्बलता दूर करती है, मनको शान्त करती है,आँखोंके दोषों को दूर करके ज्योति बढ़ाती है,शारीरकी रोग-प्रतिरोधक शक्ति बढ़ाती है, विटामिनोंकी कमीको दूर करती है तथा थकान दूर करके नवशक्तिका संचार करती है। लंबे उपवास-कालके दौरान भूख-प्यास नहीं सताती तथा चेहरे और आँखों एवं शरीर को चमकदार बनाती है। अनिद्रामें इसे ज्ञान-मुद्रा के साथ करे।

(11) लिङ्ग-मुद्रा
〰️〰️〰️〰️〰️
विधि:- चित्रके अनुसार मुठ्ठी बाँधे तथा बायें हाथके अँगूठेको खड़ा रखे,अन्य अँगुलियाँ बँधी हुई रखे।

लाभ:- शरीरमें गर्मी बढ़ाती है सर्दी, जुकाम, दमा, खाँसी, साइनस, लकवा तथा निम्न रक्तचापमें लाभप्रद है,कफको सुखाती है।

सावधानी‌:- इस मुद्रा का प्रयोग करने पर जल,फल, फलों का रस,घी और दूध का सेवन अधिक मात्रामें करे।

इस मुद्राको अधिक लम्बे समयतक न करे।

संकलित
〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️
: अच्छी आदतें कैसे डाली जाय ?
〰️〰️🔸〰️〰️〰️🔸〰️〰️
बिना मनोयोग के कोई काम नहीं होता है। मन के साथ काम का सम्बन्ध होते ही चित्त पर संस्कार पड़ना आरंभ हो जाते हैं और ये संस्कार ही आदत का रूप ग्रहण कर लेते हैं। मन के साथ काम के सम्बन्ध में जितनी शिथिलता होती है, आदतों में भी उतनी ही शिथिलता पाई जाती है। यों शिथिलता स्वयं एक आदत है और मन की शिथिलता का परिचय देती है।

असल में मन चंचल है। इसलिए मानव की आदत में चंचलता का समावेश प्रकृति से ही मिला होता है। लेकिन दृढ़ता पूर्वक प्रयत्न करने पर उसकी चंचलता को स्थिरता में बदला जा सकता है। इसलिए कैसी भी आदत क्यों न डालनी हो, मन की चंचलता के रोक थाम की अत्यन्त आवश्यकता है और इसका मूलभूत उपाय है- निश्चय की दृढ़ता। निश्चय में जितनी दृढ़ता होगी, मन की चंचलता में उतनी ही कमी और यह दृढ़ता ही सफलता की जननी है।

जिस काम को आरम्भ करो, जब तक उसका अन्त न हो जाय उसे करते ही जाओ। कार्य करने की यह पद्धति चंचलता को भगाकर ही रहती है। कुछ समय तक न उकताने वाली पद्धति को अपना लेने पर फिर तो मनोयोग पूर्वक कार्य में लग जाने की आदत हो जाती है। तब मन अपनी आदत को छोड़ देता है अथवा बार बार भिन्न भिन्न चीजों पर वृत्तियाँ जाने की अपेक्षा एक पर ही उसकी प्राप्ति तक दृढ़ रहती है।

मन निरन्तर नवीनता की खोज करता है। यह नवीनता प्रत्येक कार्य में पाई जाती है कार्य की गति जैसे जैसे सफलता की ओर होती है, उसमें से अनेक नवीनताओं के दर्शन होने आरंभ होते हैं। मन की स्थिति उस कार्य पर रहे-उसे छोड़कर दूसरे को ग्रहण करने के लिए नहीं-बल्कि उसी कार्य में अनेक नवीनताओं को देखने के लिए। मन की यह गति जितनी विशाल, जितनी सूक्ष्मदर्शिनी बनेगी, मन की एक काम छोड़कर दूसरे काम को अपनाने की वृत्ति में उतनी ही कमी आवेगी, दृढ़ता उतनी ही अधिक होगी।

आदत डालने के लिए निष्ठा एवं दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। निष्ठा और दृढ़ संकल्प के लिए बुद्धि की तैयारी चाहिए। बुद्धि की मन पर अंकुश रखने की तैयारी हो तो संकल्प में भी दृढ़ता आती है और निष्ठा में भी। इसलिए ऐसे कार्यों को छोड़ने के लिए सतर्क रहना चाहिए जो बुद्धि को मन का दास बनाने वाले हों। बुद्धि का दासत्व स्थिरता का दुश्मन है, क्योंकि जब वह चंचल मन की आज्ञाकारिणी या वशवर्तिनि होगी तो निश्चित रूप से वह चंचल हो जायगी।

मन और बुद्धि पर अंकुश रखकर योग्य बनाने के लिए जीवन को प्रयोगावस्था में डालने की आवश्यकता है। इसके लिए मनुष्य को किसी भी निर्णित कार्यक्रम अनुसार चलने का निश्चय करना पड़ता है। कल जो करना है उसके लिए आज ही कार्यक्रम बना लेना चाहिए। साथ ही सोने के पूर्व उस कार्यक्रम पर दृढ़ रहने का निश्चय कर लेना चाहिए।

जो लोग रात को अधिक देर तक जागते रहते है उनके शरीर में आलस्य भरा रहता है इसलिए शरीर का यह आलसीपन कार्यक्रम को पूरा करने में सहायक नहीं होता बल्कि बाधक होता है। इसलिए शरीर का निरालस रहना भी कार्य साधन का एक अंग है। रात में जल्दी सोना और सवेरे जल्दी उठना आलस्य को जमने नहीं देता। साथ ही बुद्धि को सूक्ष्म आहिणी बनाता है जिस बुद्धि पर कि जीवन का सारा दारोमदार है।

‘बेकार न बैठो’ एक ऐसा सबक है जो मनुष्य को आलसी बनने से रोकता है। आलसी बनना मन को चंचल बनाना है और काम करना मन को एकाग्र करने का साधन है। काम करने के दो प्रकार हैं। पहला प्रकार है नियमित काम करना। नियमित काम करने से मन की चंचलता घटती है पर अनियमित काम करने की ओर जाना ही चंचलता का चिह्न माना जाता है। इसलिए यह पहले ही लिखा जा चुका है कि हमें प्रतिदिन सोने के पूर्व दूसरे दिन कार्यक्रम को निश्चित कर लेना चाहिए। या ध्यान रखने की बात इतनी ही है कि नियमित रूप तथा व्यवस्थित ढंग से काम करने के लिए कार्यक्रम की आवश्यकता है, लेकिन इसका अर्थ कार्यक्रम के वशवर्ती होकर काम करना नहीं है। किसी चीज का दास होना बुरा है, उस नियन्त्रण करना ही लक्ष्य है। इसलिए कार्यक्रम नियन्त्रण स्थापन करने का साधन है कि साध्य। कार्यक्रम बना लेने के अनन्तर अकस्मात दूसरे दिन किसी अन्य कार्य करने आवश्यकता हो जावे तो कार्यक्रम में रद्दोबदल कर देना बुरा नहीं है। लेकिन मन की चंचलता के कारण या अपने आलस्य अथवा प्रमाद के कारण कार्य को न करना एक प्रकार की भयानक आदत को जन्म देता है जो कि मनुष्य सफलता से दूर निराशा के खाई खंदकों में पटक देती है, इसलिए आरंभ से ही सावधान रहना चाहिए और बिना किसी आवश्यक प्रयोजन उपस्थित हुए निश्चित कार्यक्रम एवं निश्चित समय की अवहेलना नहीं करनी चाहिए।

जो कार्य जितने समय में सुचारु रूप से हो सके उसे उतने ही समय में पूरा करना नहीं है। जल्दी करके कार्य को बिगाड़ देने से कार्यक्रम की पूर्ति नहीं होती इसलिए कार्य की सुन्दरता की रक्षा करने की ओर भी ध्यान रखने की आवश्यकता है। जिसके सामने सौंदर्य का लक्ष्य रहता है वह जल्दीबाजी से बचा रहता है और काम को बिगड़ने नहीं देता।

प्रायः देखा जाता है कि जल्दीबाजी समय की बचत नहीं करती बल्कि कार्यसिद्धि के समय को और बढ़ा देती है। यह भी मन की चंचलता के कारण होता है। जिस समय मनोनिग्रह को अपना लिया जाता है उस समय जल्दीबाजी की वृति स्वयं ही हट जाती है। इसके अतिरिक्त व्यवहार में शालीनता आती है, शिष्टता आती है, सौम्यता आती है जो कि मनुष्य को सम्पूर्ण रूप से चमका देती है और उसका प्रभाव मनुष्य के अन्तःकरण पर ही नहीं होता बाहरी आचरण खान पान पहनाव उढ़ाव पर भी होता है। सफलता पाने की कुँजी आदतों का निर्माण है, इसलिए अपनी आदतों पर ठीक रूप से निगरानी रखने की आवश्यकता है।

अखण्ड ज्योति सितम्बर 1948
〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️🔸〰️〰️

Recommended Articles

Leave A Comment