Phone

9140565719

Email

mindfulyogawithmeenu@gmail.com

Opening Hours

Mon - Fri: 7AM - 7PM

🌹नवरात्रि क्या है???🌹
और नवरात्र का वैज्ञानिक और आध्यात्मिक रहस्य…….

नवरात्र शब्द से नव अहोरात्रों (विशेष रात्रियां) का बोध होता है। इस समय शक्ति के नव रूपों की उपासना की जाती है। ‘रात्रि’ शब्द सिद्धि का प्रतीक है।

भारत के प्राचीन ऋषियों-मुनियों ने रात्रि को दिन की अपेक्षा अधिक महत्व दिया है, इसलिए दीपावली, होलिका, शिवरात्रि और नवरात्र आदि उत्सवों को रात में ही मनाने की परंपरा है। यदि रात्रि का कोई विशेष रहस्य न होता,… तो ऐसे उत्सवों को रात्रि न कह कर दिन ही कहा जाता। लेकिन नवरात्र के दिन, नवदिन नहीं कहे जाते।

मनीषियों ने वर्ष में दो बार नवरात्रों का विधान बनाया है। विक्रम संवत के पहले दिन अर्थात चैत्र मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा (पहली तिथि) से नौ दिन अर्थात नवमी तक। और इसी प्रकार ठीक छह मास बाद आश्विन मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से महानवमी अर्थात विजयादशमी के एक दिन पूर्व तक। परंतु सिद्धि और साधना की दृष्टि से शारदीय नवरात्रों को ज्यादा महत्वपूर्ण माना गया है।इन नवरात्रों में लोग अपनी आध्यात्मिक और मानसिक शक्ति संचय करने के लिए अनेक प्रकार के व्रत, संयम, नियम, यज्ञ, भजन, पूजन, योग साधना आदि करते हैं। कुछ साधक इन रात्रियों में पूरी रात पद्मासन या सिद्धासन में बैठकर आंतरिक त्राटक या बीज मंत्रों के जाप द्वारा विशेष सिद्धियां प्राप्त करने का प्रयास करते हैं।

नवरात्रों में शक्ति के 51 पीठों पर भक्तों का समुदाय बड़े उत्साह से शक्ति की उपासना के लिए एकत्रित होता है। जो उपासक इन शक्ति पीठों पर नहीं पहुंच पाते, वे अपने निवास स्थल पर ही शक्ति का आह्वान करते हैं।

आजकल अधिकांश उपासक शक्ति पूजा रात्रि में नहीं, पुरोहित को दिन में ही बुलाकर संपन्न करा देते हैं। सामान्य भक्त ही नहीं, पंडित और साधु-महात्मा भी अब नवरात्रों में पूरी रात जागना नहीं चाहते। न कोई आलस्य को त्यागना चाहता है। बहुत कम उपासक आलस्य को त्याग कर आत्मशक्ति, मानसिक शक्ति और यौगिक शक्ति की प्राप्ति के लिए रात्रि के समय का उपयोग करते देखे जाते हैं।मनीषियों ने रात्रि के महत्व को अत्यंत सूक्ष्मता के साथ वैज्ञानिक परिप्रेक्ष्य में समझने और समझाने का प्रयत्न किया। रात्रि में प्रकृति के बहुत सारे अवरोध खत्म हो जाते हैं। आधुनिक विज्ञान भी इस बात से सहमत है। हमारे ऋषि – मुनि आज से कितने ही हजारों वर्ष पूर्व ही प्रकृति के इन वैज्ञानिक रहस्यों को जान चुके थे।

दिन में आवाज दी जाए तो वह दूर तक नहीं जाएगी , किंतु रात्रि को आवाज दी जाए तो वह बहुत दूर तक जाती है। इसके पीछे दिन के कोलाहल के अलावा एक वैज्ञानिक तथ्य यह भी है कि दिन में सूर्य की किरणें आवाज की तरंगों और रेडियो तरंगों को आगे बढ़ने से रोक देती हैं। रेडियो इस बात का जीता – जागता उदाहरण है। कम शक्ति के रेडियो स्टेशनों को दिन में पकड़ना अर्थात सुनना मुश्किल होता है , जबकि सूर्यास्त के बाद छोटे से छोटा रेडियो स्टेशन भी आसानी से सुना जा सकता है।

वैज्ञानिक सिद्धांत यह है कि सूर्य की किरणें दिन के समय रेडियो तरंगों को जिस प्रकार रोकती हैं , उसी प्रकार मंत्र जाप की विचार तरंगों में भी दिन के समय रुकावट पड़ती है। इसीलिए ऋषि – मुनियों ने रात्रि का महत्व दिन की अपेक्षा बहुत अधिक बताया है। मंदिरों में घंटे और शंख की आवाज के कंपन से दूर – दूर तक वातावरण कीटाणुओं से रहित हो जाता है। यह रात्रि का वैज्ञानिक रहस्य है। जो इस वैज्ञानिक तथ्य को ध्यान में रखते हुए रात्रियों में संकल्प और उच्च अवधारणा के साथ अपने शक्तिशाली विचार तरंगों को वायुमंडल में भेजते हैं , उनकी कार्यसिद्धि अर्थात मनोकामना सिद्धि , उनके शुभ संकल्प के अनुसार उचित समय और ठीक विधि के अनुसार करने पर अवश्य होती है।

नवरात्र या नवरात्रि::
संस्कृत व्याकरण के अनुसार नवरात्रि कहना त्रुटिपूर्ण हैं। नौ रात्रियों का समाहार, समूह होने के कारण से द्वन्द समास होने के कारण यह शब्द पुलिंग रूप ‘नवरात्र’ में ही शुध्द है।
नवरात्र क्या है
पृथ्वी द्वारा सूर्य की परिक्रमा के काल में एक साल की चार संधियाँ हैं। उनमें मार्च व सितंबर माह में पड़ने वाली गोल संधियों में साल के दो मुख्य नवरात्र पड़ते हैं। इस समय रोगाणु आक्रमण की सर्वाधिक संभावना होती है। ऋतु संधियों में अक्सर शारीरिक बीमारियाँ बढ़ती हैं, अत: उस समय स्वस्थ रहने के लिए, शरीर को शुध्द रखने के लिए और तनमन को निर्मल और पूर्णत: स्वस्थ रखने के लिए की जाने वाली प्रक्रिया का नाम ‘नवरात्र’ है।

नौ दिन या रात?

अमावस्या की रात से अष्टमी तक या पड़वा से नवमी की दोपहर तक व्रत नियम चलने से नौ रात यानी ‘नवरात्र’ नाम सार्थक है। यहाँ रात गिनते हैं, इसलिए नवरात्र यानि नौ रातों का समूह कहा जाता है।रूपक के द्वारा हमारे शरीर को नौ मुख्य द्वारों वाला कहा गया है। इसके भीतर निवास करने वाली जीवनी शक्ति का नाम ही दुर्गा देवी है। इन मुख्य इन्द्रियों के अनुशासन, स्वच्छ्ता, तारतम्य स्थापित करने के प्रतीक रूप में, शरीर तंत्र को पूरे साल के लिए सुचारू रूप से क्रियाशील रखने के लिए नौ द्वारों की शुध्दि का पर्व नौ दिन मनाया जाता है। इनको व्यक्तिगत रूप से महत्व देने के लिए नौ दिन नौ दुर्गाओं के लिए कहे जाते हैं।
शरीर को सुचारू रखने के लिए विरेचन, सफाई या शुध्दि प्रतिदिन तो हम करते ही हैं किन्तु अंग-प्रत्यंगों की पूरी तरह से भीतरी सफाई करने के लिए हर छ: माह के अंतर से सफाई अभियान चलाया जाता है। सात्विक आहार के व्रत का पालन करने से शरीर की शुध्दि, साफ सुथरे शरीर में शुध्द बुद्धि, उत्तम विचारों से ही उत्तम कर्म, कर्मों से सच्चरित्रता और क्रमश: मन शुध्द होता है। स्वच्छ मन मंदिर में ही तो ईश्वर की शक्ति का स्थायी निवास होता है।
नौ देवियाँ / नव देवी

नौ दिन यानि हिन्दी माह चैत्र और आश्विन के शुक्ल पक्ष की पड़वा यानि पहली तिथि से नौवी तिथि तक प्रत्येक दिन की एक देवी मतलब नौ द्वार वाले दुर्ग के भीतर रहने वाली जीवनी शक्ति रूपी दुर्गा के नौ रूप हैं-

  1. शैलपुत्री
  2. ब्रह्मचारिणी
  3. चंद्रघंटा
  4. कूष्माण्डा
  5. स्कन्दमाता
  6. कात्यायनी
  7. कालरात्रि
  8. महागौरी
  9. सिध्दीदात्री

इनका नौ जड़ी बूटी या ख़ास व्रत की चीजों से भी सम्बंध है, जिन्हे नवरात्र के व्रत में प्रयोग किया जाता है-

  1. कुट्टू (शैलान्न)
  2. दूध-दही,
  3. चौलाई (चंद्रघंटा)
  4. पेठा (कूष्माण्डा)
  5. श्यामक चावल (स्कन्दमाता)
  6. हरी तरकारी (कात्यायनी)
  7. काली मिर्च व तुलसी (कालरात्रि)
  8. साबूदाना (महागौरी)
  9. आंवला(सिध्दीदात्री)
    क्रमश: ये नौ प्राकृतिक व्रत खाद्य पदार्थ हैं।

अष्टमी या नवमी::
यह कुल परम्परा के अनुसार तय किया जाता है। भविष्योत्तर पुराण में और देवी भावगत के अनुसार, बेटों वाले परिवार में या पुत्र की चाहना वाले परिवार वालों को नवमी में व्रत खोलना चाहिए। वैसे अष्टमी, नवमी और दशहरे के चार दिन बाद की चौदस, इन तीनों की महत्ता ‘दुर्गासप्तशती’ में कही गई है।

🙏जय माँ भवानी.. जय माता दी..🙏
🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹
नवरात्र

नव रात्र से नौ रात्रियों का प्रयोजन नहीं है । नव- शक्तियों से युक्त होने से “नव-रात्र ” कहा जाता है –

“नव-शक्तिभिः सन्युक्तम नवरात्रम तदुच्यते “

इस प्रकार नव रात्र मे साधक ज्ञान- कर्म- भक्ति द्वारा नव-शक्तियों से युक्त होते है ।
नव-रात्र वर्ष मे चार बार आते है –
1- चैत्र मे
2- आश्विन मे
3- आषाण मे
4- माघ मे
देवी भगवत मे लिखा है ‘शयन ‘ और ‘शोधन’ दो प्रकार के नव रात्र होते है । शयन चैत्र मे तथा बोधन आश्विन मे । चारो ही नव – रात्रो मे दुर्गा जी की उपासना का माहात्म्य है । आश्विन के नव रात्र की विशेष महिमा है । ‘मार्कन्डेय पुराण ‘ मे लिखा है-

“शरत- काले महा- पूजा , क्रियते या च वार्षिकी “

आश्विन, चैत्र, आषाण और माघ इन चारो मासो की शुक्ला प्रतिपदा से नवमी तक नव रात्र के पूजन का विधान शास्त्रों मे दिया है । आश्विन और चैत्र के नव रात्र का विशेष प्रचार इसलिए हो गया है कि इस समय ग्रीष्म तथा शीत काल के आने से विशेष ज्वर की उत्पत्ति का कोप होता रहता है । अतः उसकी शान्ति के निमित्त इन दोनों ऋतुओ मे नव रात्र को लोग विशेष रूप से मानते है । शरद व बसंत इन ऋतुओ मे विशेष ‘नव रात्रर्चन इसलिए भी है कि ये दोनों ऋतुए सर्व प्राणियों के लिए ‘यम द्रष्टा ‘ (काल के गाल मे भेजने वाली बीमारी का घर ) कही गयी है। इस लोक मे शरत और बसंत ऋतुए प्राणियों के लिए वास्तव मे बड़ी कठनाइ पैदा कर देती है । अतः जिन्हे अपने कल्याण की आकांक्षा हो , उन्हे बड़े यत्न के साथ इन ऋतुओ मे ‘नव- रात्र ‘ का व्रत तथा पूजन अवश्य करना चाहिए ।
“महाकाल संहिता ” मे नव शक्तियों से युक्त होने के 3 कल्प बताए गए है –
1- उत्तम कल्प :- इसमे ‘अष्टादश भुजा उग्र चंडा दुर्गा ‘ (महालक्ष्मी) का प्रबोधन आश्विन ‘कृष्णा नवमी’ के मध्य काल मे ‘करवाल (खड़ग ) मे कर ‘ 32 अक्षर वाले मंत्र से महामाया की पूजा ‘आवरणर्चन’ सहित अमावस्या तक की जाती है । फिर शुक्ला प्रतिपदा मे घट स्थापित कर उसके निकट या ऊपर उस करवाल को प्रतिष्ठित कर उसमे पूर्ववत पूजा करते हुये प्रतिदिन ‘नव दुर्गा ‘ की पूजा करने का नियम है । इन ‘नव दुर्गा ‘ के नाम निम्न लिखित है –
1- रुद्र चंडा
2-प्रचंडा
3- चंडी (चंडोग्रा )
4- चंड- नायिका
5- चंडा
6- चंड-वती
7- चंड- रूपा
8- अति- चंडिका
9- उग्र- चंडा

2- मध्यम कल्प :- इसमे ‘षोडश भुजा भद्रकाली दुर्गा ‘ (महा काली ) का प्रबोधन आश्विन ‘कृष्णा चतुर्दशी ‘ मे यंत्र या मूर्ति मे कर ‘ अमावस्या ‘ तक प्रतिदिन पूजन कर शुक्ल प्रतिपदा के प्रातः काल मे घट स्थापित कर उसके ऊपर या निकट उक्त यंत्र या प्रतिमा को प्रतिष्ठित कर ‘शुक्ला नवमी’ तक 9 दिनो पर्यन्त उनका एवं पृथक पृथक नव दुर्गाओ का अर्चन कर दशमी मे विसर्जन करने की विधि है । इस कल्प मे पूजनिया नव दुर्गा के नाम इस प्रकार है –
1- शैल पुत्री
2- ब्रह्म चारिणी
3- चद्र घण्टा
4- कुष्मांठा
5- स्कन्द माता
6- कात्यायनी
7- काल रात्रि
8- महा गौरी
9- सिद्धि दात्री

3- तृतीय कल्प :- इसमे ‘दश भुजा कात्ययिनी दुर्गा ‘ (महा सरस्वती ) का प्रबोधन आश्विन ‘शुक्ला षष्ठी ‘ के साय काल मे ‘ बिल्व शाखा ‘ मे कर ‘शुक्ला सप्तमी’ मे उस ‘शाखा’ को घर मे लाकर स्थापित कर उनका ‘शुक्ला नवमी ‘ तक ‘3 दिनो ‘ पर्यन्त अर्चन कर ‘दशमी’ मे विसर्जन करते है । इस कल्प मे ‘मध्यम कल्पोक्त’ नव दुर्गा का ही पूजन किया जाता है ।
जय माता की !!
जय शिव शम्भू !!
🙏पार्वती, शंकर से प्रश्न करती हैं कि “नवरात्र किसे कहते हैं!” शंकर उन्हें प्रेमपूर्वक समझाते हैं- नव शक्तिभि: संयुक्त नवरात्रं तदुच्यते, एकैक देव-देवेशि! नवधा परितिष्ठता। अर्थात् नवरात्र नवशक्तियों से संयुक्त है। इसकी प्रत्येक तिथि को एक-एक शक्ति के पूजन का विधान है।
साल में चार नवरात्रि होती है। चार में दो गुप्त नवरात्रि और दो सामान्य होती है। सामान्य में पहली नवरात्रि चैत्र माह में आती है जबकि दूसरी अश्विन माह में आती है। चैत्र माह की नवरात्रि को बड़ी नवरात्रि और अश्विन माह की नवरात्रि को छोटी या शारदीय नवरात्रि कहते हैं। आषाढ और माघ मास में गुप्त नवरात्रि आती है।

गुप्त नवरात्रि तांत्रिक साधनाओं के लिए होती है जबकि सामान्य नवरात्रि शक्ति की साधना के लिए। नवरात्रि में साधनाओं के सफल होना का असर बढ़ जाता है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि नवरात्रि में पूजा-अर्चना के मात्र 9 दिन ही क्यों होते हैं? जब नवरात्रि में पूजा पाठ का इतना ही महत्व है तो 9 दिन से अधिक की नवरात्रि क्यों नहीं मनाते?

प्रकृति में महत्वपूर्ण परिवर्तन : दरअसल इन नौ दिनों में प्रकृति में विशेष प्रकार का परिवर्तन होता है और ऐसे समय हमारी आंतरिक चेतना और शरीर में भी परिर्वत होता है। प्रकृति और शरीर में स्थित शक्ति को समझने से ही शक्ति की आराधना का भी महत्व समझ में आता है। असल में चैत्र और आश्विन के नवरात्रि का समय ऋतु परिवर्तन का समय है। ऋतु-प्रकृति का हमारे जीवन, चिंतन एवं धर्म में बहुत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। इसीलिए हमारे ऋषि-मुनियों ने बहुत सोच-विचार कर सर्दी और गर्मी की इन दोनों महत्वपूर्ण ऋतुओं के मिलन या संधिकाल को नवरात्रि का नाम दिया। यदि आप उक्त नौ दिनों अर्थात साल के 18 दिनों में अन्य का त्याग कर भक्ति करते हैं तो आपका शरीर और मन पूरे वर्ष स्वस्थ और निश्चिंत रहता है।

उक्त नौ दिनों में जो व्यक्ति अन्न का पूर्ण त्याग कर माता की भक्ति या ध्यान करता है उसकी सभी तरह की मनोकामनापूर्ण हो जाती है। या, वह जो भी संकल्प लेकर नौ दिन साधना करता है उसका यह संकल्प पूर्ण हो जाता है। इस दौरान कठिन साधना का ही नियम है। मन से कुछ लोग नियम बनाकर व्रत या उपवास करते हैं, जो कि अनुचित है। जैसे से कुछ लोग चप्पल छोड़ देने हैं, कुछ लोग बस सिर्फ खिचड़ी ही खाते हैं जो कि अनुचित है। शास्त्र सम्मत व्रत ही उचित होते हैं।

साधना का समय : अंकों में नौ अंक पूर्ण होता है। नौ के बाद कोई अंक नहीं होता है। ग्रहों में नौ ग्रहों को महत्वपूर्ण माना जाता है। फिर साधना भी नौ दिन की ही उपयुक्त मानी गई है। किसी भी मनुष्य के शरीर में सात चक्र होते हैं जो जागृत होने पर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करते हैं। नवरात्रि के नौ दिनों में से 7 दिन तो चक्रों को जागृत करने की साधना की जाती है। 8वें दिन शक्ति को पूजा जाता है। नौंवा दिन शक्ति की सिद्धि का होता है। शक्ति की सिद्धि यानि हमारे भीतर शक्ति जागृत होती है। अगर सप्तचक्रों के अनुसार देखा जाए तो यह दिन कुंडलिनी जागरण का माना जाता है।

इसीलिए इन नौ दिनों को हिन्दू धर्म ने माता के नौ रूपों से जोड़ा है। शक्ति के इन नौ रूपों को ही मुख्य रूप से पूजा जाता है। ये नौ रूप हैं- शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा देवी, कूष्मांडा देवी, स्कंद माता, कात्यायनी, मां काली, महागौरी और सिद्धिदात्री।
🙏जय माँ

Recommended Articles

Leave A Comment