Phone

9140565719

Email

mindfulyogawithmeenu@gmail.com

Opening Hours

Mon - Fri: 7AM - 7PM

: कर्मों की योनियाँ
〰〰🌼〰〰
प्रश्न :- कितने प्रकार की और कितनी योनियां हैं?

उत्तर :- तीन प्रकार की योनियाँ हैं-

१.कर्म योनि।
२.भोग योनि।
३.उभय योनि।

कुल योनियाँ चौरासी लाख कही जाती है। कुल्लियात आर्य मुसाफिर में स्वर्गवासी पं. लेखराम जी ने अनेक महात्माओं की साक्षी देकर यह लिखा है।चौरासी लाख योनियों की गणना इस प्रकार कही गयी है।

जल-जन्तु ७ लाख,पक्षी १० लाख,कीड़े-मकोड़े ११ लाख,पशु २० लाख,मनुष्य ४ लाख और जड़ (अचल,स्थावर) ३२ लाख योनियाँ हैं।(देखो गीता रहस्य ले. तिलककृत पृष्ठ १५४)

श्रेष्ठतम योनि:-
〰〰〰〰
प्रश्न :- कर्म योनि और भोग योनि तो मैंने भी सुनी हैं।कर्म योनि तो मनुष्यों की है और भोग योनि पशुओं की।परन्तु यह उभय योनि तो आज ही नई सुनी है।इसका क्या आशय है?

उत्तर :- जो तुमने सुन रखा है,वह भी यथार्थ नहीं। वास्तव में भोग योनि वही है जिसमें केवल भोग ही भोगा जाता है और कर्म नहीं किया जाता। वह बंदी के समान है,उसे ही पशु योनि कहते हैं।उभय योनि वह है जिसमें पिछले कर्मों का फल भी भोगा जाता है और आगे के लिए कर्म भी किया जाता है।वह योनि मनुष्य योनि कहलाती है। फिर यह कर्म योनि भी दो प्रकार की है। एक तो वह जो आदि सृष्टि में बिना माता-पिता के मुक्ति से लौटे हुए जीव सृष्टि उत्पन्न करने मात्र के लिए पैदा होते हैं। उसे अमैथुनी कहते हैं,दूसरे वह जो माता-पिता के संयोग से पैदा होते हैं। वह मैथुनी कहलाते हैं। उनका जन्म केवल मोक्ष प्राप्ति के साधन और मुक्ति पाने योग्य ज्ञान प्राप्त करने के लिए ही होता है। ऐसे कर्म योनि वाले जीवों ने जन्म-जन्मान्तरों में तप किया होता है। वह उसके प्रभाव से अपनी केवल थोड़ी सी कसर पूरी करने के लिए जन्म लेते हैं। उन पर भगवान की दया होती है।वह कर्म योग,ज्ञान योग अथवा भक्ति योग द्वारा किसी फल की इच्छा किये बिना निष्काम-भावना से कर्म करते हैं,इसलिए वह मुक्त हो जाते हैं।जैसे आदि सृष्टि में अग्नि,वायु,अंगिरा आदि ऋषि बिना माता-पिता के हुए और वर्तमान काल में महाराजा जनक,महात्मा बुद्ध,भगवान शंकर,महर्षि दयानन्द कपिल मुनि आदि हो चुके हैं।

योनि-चक्र:-
〰〰〰
प्रश्न :- मनुष्य किन-किन कर्मों के कारण पशु योनि में पहुंच जाता है? और क्या यह प्रसिद्ध लोकोक्ति सत्य नहीं कि-
मनुष्य जन्म दुर्लभ है मिले न बारम्बार।
तरुवर से पत्ता झड़े,फिर न लागे डार ।।

अर्थात् – जब मनुष्य एक बार पशु-योनि में चला जाता है तो फिर उसको मनुष्य जन्म नहीं मिलता।

उत्तर:- यह महात्माओं का अपना-अपना अनुभव है।उनका यह विचार है कि प्रभु बड़े दयालु हैं।अपने अमृत पुत्रों (जीवों) को उनके कर्मानुसार ,केवल उनके सुधारने के लिए जन्म देते हैं।वह उन्हें अपनी ओर बार-बार उठने और आने का अवसर देते हैं।जैसे मान लो,कोई मनुष्य ब्राह्मण कुल में उत्पन्न हुआ,परन्तु उसने वहाँ शुभ कर्म नहीं किये।प्रभु को भूल गया,कभी याद नहीं किया तो भगवान् अगले जन्म में उसे गिराकर क्षत्रिय कुल में जन्म देंगे,कि वह फिर सँभलकर अपनी उन्नति कर सके।यदि यहाँ भी उसने अपनी योग्यता को सिद्ध नहीं किया तो तीसरा जन्म उसे वैश्य के घर में देंगे।यदि वह वहाँ भी न उठा और भगवान को भूला रहा,तो उसे शूद्र योनि में डालेंगे।यदि वह वहाँ भी न संभला और भगवान् ने देखा कि यह मूढ़मति भूलकर भी मेरा नाम नहीं लेता,उपकार नहीं मानता और शुभकर्मों की और रुचि नहीं करता और नित्य बुरे कर्मों में ही लीन रहता है,तो उसे पशु-पक्षी की योनि में डाल देंगे।कर्मानुसार यथोचित योनियां भुगताकर फिर कभी किसी समय नये सिरे से मनुष्य योनि प्रदान करेंगे,जिससे वह पहले समय किये हुए अशुभ कर्मों के प्रभाव से मुक्त और पवित्र होकर,यदि चाहे तो फिर अपना उद्धार कर ले और धीरे-धीरे आवागमन से छुटकारा पाकर परम पद प्राप्त कर सके। परन्तु यह भयानक कथा साधारण मनुष्यों के लिए है कि वह मनुष्य योनि का मूल्य समझें और इसको अपनावे।पापों से बचते रहें और परमात्मा को न भूलें।

अब मैं तुम्हें वेद-शास्त्रों के आधार पर इसका मर्म बतलाता हूं।भगवान् मनु ने भी यही लिखा है कि प्रभु वास्तव में जीव को उसके सुधार तथा उपकार के लिए बार-बार जन्म देते हैं।परन्तु ऐसा नहीं करते कि एक ही बार उसे मनुष्य जातियों की उत्तम योनियां देकर फिर नीच पशु आदि योनियों में भेज दें वरन् उनके भले-बुरे कर्मानुसार उनका योनि-क्रम साथ ही साथ बदलता रहता है।

देखिए:-

शुभाशुभफलं कर्म मनोवाग्दैवतं भवम् ।
कर्मजा गतयो नृणाम् उत्तमाधममध्यमाः।।
तस्येह त्रिविधस्यापि अधिष्ठानस्य देहिनः।
दशलक्षणयुक्तस्य,मनो विद्यात् प्रवर्तकम् ।।
परद्रव्येष्वभिध्यानं मनसानिष्टचिन्तनम् ।
वितथाभिनिवेशश्च त्रिविधं कर्म मानसम् ।।
पारुष्यमनृतं चैव पैशुन्यं चापि सर्वशः ।
असंबद्धप्रलापश्च,वांग्मयं स्याच्चतुर्विधम् ।।
अदत्तानामुपादानं,हिंसा चैवा विधानतः ।
परदारोपसेवा च शारीरं त्रिविधं स्मृतम् ।।
मानसं मन सैवायम् उपभुक्ते शुभाशुभम् ।
वाचा वाचाकृतं कर्म कायेनैव च कायिकम् ।।
शरीरजैः कर्मदौषैर्याति स्थावरतां नरः ।
वाचिकैः पक्षिमृगतां मानसैरन्त्यजातिताम् ।।

अर्थात्:- शारीरिक कर्म-दोष से मनुष्य स्थावरता (पेड़ आदि योनियों)को,वाणी के कर्म-दोष से पशु-पक्षी आदि योनियों को और मानसिक पापों के कारण चाण्डाल आदि की नीच मनुष्य की योनियों को प्राप्त होता है।

शुभाशुभ फल देने वाले कर्मों का उत्पत्ति स्थान मन,वचन और शरीर है।इन कर्मों से ही उत्तम,मध्यम और अधम गति प्राप्त होती है।

इस देह सम्बन्धी त्रिविध (तीन प्रकार के उत्तम,मध्यम और अधम) तथा दस लक्षणों से युक्त तीन(मानसिक,वाचिक और दैहिक) अधिष्ठानों के आश्रित कर्मों का प्रवर्तक मन ही है।अर्थात् मन ही अच्छे और बुरे कर्मों का कारण है।

अन्याय से दूसरों का धन छीनने की बात सोचते रहना,दूसरों का अनिष्ट(बुरा सोचना)चिंतन,मन में मिथ्या भयनिवेश अर्थात् यह सोचना कि यह शरीर ही आत्मा है और परलोक कोई नहीं,यह तीन प्रकार के मानस कर्म हैं जो अशुभ फल देने वाले होते हैं।

कठोर बोलना,झूठ बोलना,दूसरे के दोषों को कहते रहना और निरभिप्राय बात करना,ये चार वाणी के पाप हैं,अशुभ फल के दाता हैं।

दूसरों की वस्तुओं को बलपूर्वक ले लेना,अवैध हिंसा और परस्त्री गमन यह तीन प्रकार के शारीरिक पाप-कर्म हैं जिनका फल कभी शुभ नहीं हो सकता।

इससे आगे महर्षि मनु कहते हैं:-

यद्यदाचरति धर्मः प्रायशोऽधर्ममल्पशः ।
तैरेव चावृतो भूतैः स्वर्गसुखमुपाश्नुते ।।
यदि तु प्रायशोऽधर्मं सेवते धर्ममल्पशः ।
तैर्भूतैः स परित्यक्तो यामीः प्राप्नोति यातनाः ।।
यामीस्ता यातनाः प्राप्य स जीवो वीतकल्मषः ।
तान्येव पंचभूतानि पुनरप्येति भागशः ।।
(मनु० १२ ,१० ,२२)*

अर्थात्-
〰〰
जब मनुष्य के पाप अधिक और पुण्य कम होते हैं,तब उसका जीव पशु आदि नीच योनियों में जाता है।जब धर्म अधिक और पाप वा अधर्म कम होता है,तब उसे विद्वानों का शरीर मिलता है और जब पाप तथा पुण्य बराबर-बराबर होते हैं,तब साधारण मनुष्य जन्म पाता है।

प्रश्न :- तो फिर पशु से मनुष्य कैसे बनता है?

उत्तर:- जब पाप अधिक होने का फल पशु आदि योनि में भोग लिया तो पाप और पुण्य समतुल्य रह जाने से फिर मनुष्य शरीर मिल जाता है और पुण्य के फल भोग से साधारण मनुष्य शरीर प्राप्त करता है।

[साभार: “कर्म भोग-चक्र” पुस्तक से]
〰〰🌼〰〰🌼〰〰🌼〰〰🌼〰〰🌼〰〰
: 🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻

चार वेद, जानिए किस वेद में क्या है?????

वेद दुनिया के प्रथम धर्मग्रंथ है। इसी के आधार पर दुनिया के अन्य मजहबों की उत्पत्ति हुई जिन्होंने वेदों के ज्ञान को अपने अपने तरीके से भिन्न भिन्न भाषा में प्रचारित किया। वेद ईश्वर द्वारा ऋषियों को सुनाए गए ज्ञान पर आधारित है इसीलिए इसे श्रुति कहा गया है। सामान्य भाषा में वेद का अर्थ होता है ज्ञान। वेद पुरातन ज्ञान विज्ञान का अथाह भंडार है। इसमें मानव की हर समस्या का समाधान है। वेदों में ब्रह्म (ईश्वर), देवता, ब्रह्मांड, ज्योतिष, गणित, रसायन, औषधि, प्रकृति, खगोल, भूगोल, धार्मिक नियम, इतिहास, रीति-रिवाज आदि लगभग सभी विषयों से संबंधित ज्ञान भरा पड़ा है।

शतपथ ब्राह्मण के श्लोक के अनुसार अग्नि, वायु, आदित्य और अंगिरा ने तपस्या की और ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद को प्राप्त किया। प्रथम तीन वेदों को अग्नि, वायु, सूर्य (आदित्य), से जोड़ा जाता है और संभवत: अथर्वदेव को अंगिरा से उत्पन्न माना जाता है। एक ग्रंथ के अनुसार ब्रह्माजी के चारों मुख से वेदों की उत्पत्ति हुई।… वेद सबसे प्राचीनतम पुस्तक हैं इसलिए किसी व्यक्ति या स्थान का नाम वेदों पर से रखा जाना स्वाभाविक है। जैसे आज भी रामायण, महाभारत इत्यादि में आए शब्दों से मनुष्यों और स्थान आदि का नामकरण किया जाता है।

वेद मानव सभ्यता के लगभग सबसे पुराने लिखित दस्तावेज हैं। वेदों की 28 हजार पांडुलिपियाँ भारत में पुणे के ‘भंडारकर ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट’ में रखी हुई हैं। इनमें से ऋग्वेद की 30 पांडुलिपियाँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं जिन्हें यूनेस्को ने विरासत सूची में शामिल किया है। यूनेस्को ने ऋग्वेद की 1800 से 1500 ई.पू. की 30 पांडुलिपियों को सांस्कृतिक धरोहरों की सूची में शामिल किया है। उल्लेखनीय है कि यूनेस्को की 158 सूची में भारत की महत्वपूर्ण पांडुलिपियों की सूची 38 है।

वेदों के उपवेद :ऋग्वेद का आयुर्वेद, यजुर्वेद का धनुर्वेद, सामवेद का गंधर्ववेद और अथर्ववेद का स्थापत्यवेद ये क्रमशः चारों वेदों के उपवेद बतलाए गए हैं।

वेद के विभाग चार है:ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद। ऋग-स्थिति, यजु-रूपांतरण, साम-गति‍शील और अथर्व-जड़। ऋक को धर्म, यजुः को मोक्ष, साम को काम, अथर्व को अर्थ भी कहा जाता है। इन्ही के आधार पर धर्मशास्त्र, अर्थशास्त्र, कामशास्त्र और मोक्षशास्त्र की रचना हुई।

ऋग्वेद :ऋक अर्थात् स्थिति और ज्ञान। ऋग्वेद सबसे पहला वेद है जो पद्यात्मक है। इसके 10 मंडल (अध्याय) में 1028 सूक्त है जिसमें 11 हजार मंत्र हैं। इस वेद की 5 शाखाएं हैं – शाकल्प, वास्कल, अश्वलायन, शांखायन, मंडूकायन। इसमें भौगोलिक स्थिति और देवताओं के आवाहन के मंत्रों के साथ बहुत कुछ है। ऋग्वेद की ऋचाओं में देवताओं की प्रार्थना, स्तुतियां और देवलोक में उनकी स्थिति का वर्णन है।

इसमें जल चिकित्सा, वायु चिकित्सा, सौर चिकित्सा, मानस चिकित्सा और हवन द्वारा चिकित्सा आदि की भी जानकारी मिलती है। ऋग्वेद के दसवें मंडल में औषधि सूक्त यानी दवाओं का जिक्र मिलता है। इसमें औषधियों की संख्या 125 के लगभग बताई गई है, जो कि 107 स्थानों पर पाई जाती है। औषधि में सोम का विशेष वर्णन है। ऋग्वेद में च्यवनऋषि को पुनः युवा करने की कथा भी मिलती है।

यजुर्वेद :यजुर्वेद का अर्थ : यत् + जु = यजु। यत् का अर्थ होता है गतिशील तथा जु का अर्थ होता है आकाश। इसके अलावा कर्म। श्रेष्ठतम कर्म की प्रेरणा। यजुर्वेद में यज्ञ की विधियां और यज्ञों में प्रयोग किए जाने वाले मंत्र हैं। यज्ञ के अलावा तत्वज्ञान का वर्णन है। तत्व ज्ञान अर्थात रहस्यमयी ज्ञान। ब्रह्माण, आत्मा, ईश्वर और पदार्थ का ज्ञान। यह वेद गद्य मय है। इसमें यज्ञ की असल प्रक्रिया के लिए गद्य मंत्र हैं। इस वेद की दो शाखाएं हैं शुक्ल और कृष्ण।

कृष्ण :वैशम्पायन ऋषि का सम्बन्ध कृष्ण से है। कृष्ण की चार शाखाएं हैं।

शुक्ल :याज्ञवल्क्य ऋषि का सम्बन्ध शुक्ल से है। शुक्ल की दो शाखाएं हैं। इसमें 40 अध्याय हैं। यजुर्वेद के एक मंत्र में च्ब्रीहिधान्यों का वर्णन प्राप्त होता है। इसके अलावा, दिव्य वैद्य और कृषि विज्ञान का भी विषय इसमें मौजूद है।

सामवेद :साम का अर्थ रूपांतरण और संगीत। सौम्यता और उपासना। इस वेद में ऋग्वेद की ऋचाओं का संगीतमय रूप है। सामवेद गीतात्मक यानी गीत के रूप में है। इस वेद को संगीत शास्त्र का मूल माना जाता है। 1824 मंत्रों के इस वेद में 75 मंत्रों को छोड़कर शेष सब मंत्र ऋग्वेद से ही लिए गए हैं।इसमें सविता, अग्नि और इंद्र देवताओं के बारे में जिक्र मिलता है। इसमें मुख्य रूप से 3 शाखाएं हैं, 75 ऋचाएं हैं।

अथर्वदेव :थर्व का अर्थ है कंपन और अथर्व का अर्थ अकंपन। ज्ञान से श्रेष्ठ कर्म करते हुए जो परमात्मा की उपासना में लीन रहता है वही अकंप बुद्धि को प्राप्त होकर मोक्ष धारण करता है। इस वेद में रहस्यमयी विद्याओं, जड़ी बूटियों, चमत्कार और आयुर्वेद आदि का जिक्र है। इसके 20 अध्यायों में 5687 मंत्र है। इसके आठ खण्ड हैं जिनमें भेषज वेद और धातु वेद ये दो नाम मिलते हैं।

सनातन हिन्दू धर्म की जय 🚩🙏🏻🕉

🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻🌻

Recommended Articles

Leave A Comment